यमुनापार में स्वच्छता की जगह लगा गन्दगी का अम्बार

प्रजातन्त्र लाइव संवाददाता

नई दिल्ली। वेतन नहीं मिलने से नाराज पूर्वी नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को खुद ही गन्दगी फैलाकर अपने गुस्से का इजहार किया। पूर्वी दिल्ली में प्रमुख चौराहों पर सफाई कर्मियों ने कूड़े के ढेर जमा कर स्वच्छ भारत अभियान को गन्दगी अभियान में तब्दील कर दिया।

गुस्साए कर्मियों के विरोध-प्रदर्शन के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह ट्रैफिक जाम की समस्या तक आ गई। पुलिस प्रशासन की मदद से दोपहर बाद ही स्थिति पर काबू पाया जा सका। हालांकि कूड़े के ढेर जस के तस चौराहों पर पूर्वी दिल्ली की दुर्दशा की कहानी बयां करते रहे। इस बीच सफाई कर्मचारियों ने माँगे नहीं माने जाने पर हड़ताल की धमकी दे डाली है।

 

विनोदनगर, शकरपुर, कड़कड़ी मोड़, पटपड़गंज, शाहदरा समेत तमाम जगह सुबह से ही सफाई कर्मियों ने अपने गुस्से का इजहार करते हुए कूड़े के ढेर हर चौराहे पर जमा कर डाले। सफाई कर्मियों ने डलावघरों से लैंडफिल साइट पर जाने वाला कूड़ा सड़कों पर गिराया। पूर्वी दिल्ली का कोई भी चौराहा ऐसा नहीं था, जहाँ गन्दगी के ढेर के बीच से लोगों को न गुजरना पड़ा हो। एक ही दिन में प्रमुख सड़कों पर गन्दगी के ढेर लगने से पूर्वी दिल्ली बदसूरत और बदरंग नजर आने लगी। कूड़े के ढेर के बीच महत्वपूर्ण चौराहों पर किए जा रहे प्रदर्शन ने पूर्वी दिल्ली की रफ्तार पर रोक लगा दी।

 

इतना ही नहीं, नाराज सफाई कर्मियों ने निगम के नेताओं और दिल्ली सरकार के मन्त्रियों के दफ्तरों और घरों के सामने कूड़ा फेंक कर विरोध जताया। जगह-जगह मुख्यमन्त्री अरविन्द केजरीवाल और निगम अधिकारियों के पुतले फूंके गए। इस दौरान सफाई कर्मचारियों के यूनियनों के नेताओं से निगम अधिकारियों से असफल वार्ता हुई। साफ है कि आने वाले समय में पूर्वी दिल्ली में गन्दगी और बढ़ने वाली है।

 

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जब तक उनकी माँगे नहीं मानी जाएंगी, दिल्ली में स्वच्छता अभियान को गन्दगी अभियान में तब्दील कर दिया जाएगा।

 

‘आप’ कार्यकर्ताओं ने उठाई झाड़ू

 

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने भले ही बदहाल नगर निगम की मदद करने में अपने हाथ खड़े कर दिए हों, लेकिन उनके कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान के लिए झाड़ू पकड़ ली है। शुक्रवार को एक ओर जहाँ सफाईकर्मी गन्दगी फैलाने में लगे थे, वहीं ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया। ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने फैली गन्दगी को उठाने के साथ-साथ यातायात सामान्य करने की दिशा में भी काम किया। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। लक्ष्मीनगर के विधायक नितिन त्यागी ने इस दिशा में आपात बैठक बुलाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को सफाई में जुटने की अपील की थी। कुछ स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर सफाई में सहयोग दिया।

 

उत्तरी दिल्ली में भी फूटा गुस्सा

 

वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों का आन्दोलन अब उत्तरी दिल्ली नगर निगम के क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। सफाई कर्मचारियों ने विभिन्न जोन कार्यलयों से लेकर सड़कों पर धरना प्रदर्शन कर रोष जताया। रोहिणी में पैदल मार्च करते हुए सफाई कर्मियों ने पीएम मोदी, मुख्यमन्त्री अरविन्द केजरीवाल और निगम अधिकारियों के पुतले फूंके, जिस वजह से कई जगह जाम लग गया। इस बीच सफाईकर्मियों का कहना है कि उनके सामने भुखमरी की नौबत आ गई है, बावजूद इसके निगम अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की है। अब वेतन के मुद्दे पर अधिकारियों ने भरोसा देना भी बन्द कर दिया है।

 

साभार : प्रजातंत्र लाइव 28 मार्च 2015

Post By: iwpsuperadmin
×